कोहेफिजा बीडीए कॉलोनी को मिली विकास कार्यों की सौगात, 55 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
भोपाल, 1 जून। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा बीडीए कॉलोनी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए महापौर मालती राय ने लगभग 55 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़कों का डामरीकरण, सेंट्रल वर्ज निर्माण और हाईमास्ट लाइट की स्थापना प्रमुख रूप से शामिल हैं।
वार्ड क्रमांक 7 के अंतर्गत आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर मालती राय ने कहा कि शहर के सभी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नगर निगम की प्राथमिकता है। कोहेफिजा बीडीए कॉलोनी में प्रस्तावित विकास कार्यों से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी तथा नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
महापौर ने स्थानीय नागरिकों को विकास कार्यों की सौगात मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे भोपाल को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।
कार्यक्रम में महापौर परिषद सदस्य मनोज राठौर, जोन अध्यक्ष विनीता सोनी, स्थानीय पार्षद प्रियंका मिश्रा, पूर्व महापौर सुनील सूद तथा पूर्व निगम परिषद अध्यक्ष कैलाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम
कोहेफिजा बीडीए कॉलोनी में होने वाले इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी। सड़क डामरीकरण से आवागमन सुगम बनेगा, सेंट्रल वर्ज निर्माण से यातायात प्रबंधन बेहतर होगा तथा हाईमास्ट लाइटों की स्थापना से रात्रिकालीन सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा। स्थानीय रहवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।