State

कटारा हिल्स पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, स्मैक और गांजा जब्त, दो मामलों में कार्रवाई

भोपाल, 22 जुलाई। कटारा हिल्स थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर 4.37 ग्राम स्मैक और 150 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि स्मैक मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास कुमार सहवाल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. रजनीश कश्यप कौल के निर्देशन में गठित टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई 19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर ग्राम झागरिया में की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर अजय अहिरवार निवासी झागरिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 4.37 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में कथित सप्लायर तौहीद खान और अनुज साहू की तलाश जारी है।

दूसरी कार्रवाई 22 जुलाई को ग्राम बगरोदा इंडस्ट्रियल एरिया में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जितेन्द्र पटेल के कब्जे से 150 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये है, जब्त किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक निर्मल विश्वकर्मा, मुकेश श्रीवास्तव तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles