दिसंबर तक स्वनिधि का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर: कर्मवीर शर्मा

रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण दिलाने विशेष अभियान चलेगा

भोपाल। संभागीय कार्यालय में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में कहा कि बैंक और निकाय मिलकर ऋण आवेदनों के लिए जरूरी दस्तावेजों की सूची तैयार करें और विशेष अभियान चलाएं. सप्ताह में एक दिन बैंक व निकाय योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करेंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्रक्रिया में अटके नहीं रहें. प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण दिलाने का शत-प्रतिशत लक्ष्य दिसंबर तक हर हाल में पूरा करना होगा. भोपाल संभाग के नगरीय निकायों को सितंबर तक लक्ष्य का 70 प्रतिशत हासिल करने और दिसंबर तक पूरी उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक में पानी, बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए. खास तौर पर 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा गया.
आज से सेवा संकल्प अभियान
आज भोपाल संभाग के सभी जिलों में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. नगरीय निकायों द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे. इसके अलावा अमृत हरित अभियान के तहत पौधारोपण का लक्ष्य समय पर पूरा कर उसकी जानकारी ‘मेरी लाइफ पोर्टल’ पर दर्ज करने और पार्क, आंगनवाड़ी व सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण कार्य सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

Exit mobile version