जबलपुर-पुणे एक्सप्रेस अब खंडवा में भी रुकेगी

20 सितंबर से साप्ताहिक ट्रेन का ठहराव शुरू, जबलपुर और पुणे जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा

भोपाल। यात्रियों की सुविधा और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने भोपाल होकर चलने वाली जबलपुर-पुणे-जबलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का खंडवा स्टेशन पर ठहराव शुरू किया है। गाड़ी संख्या 20162/20161 का यह ठहराव 20 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

जबलपुर-पुणे साप्ताहिक एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20162) प्रत्येक रविवार को खंडवा स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन रात 8:03 बजे खंडवा पहुंचेगी और 8:05 बजे रवाना होगी। वहीं पुणे-जबलपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20161) प्रत्येक सोमवार को खंडवा स्टेशन पर रात 11:03 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी।

आसपास के यात्रियों को भी फायदा

खंडवा में ठहराव शुरू होने से शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को जबलपुर और पुणे के बीच यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। इससे मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों के बीच रेल संपर्क भी बेहतर होगा।

भोपाल मंडल रेल प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी की जानकारी रेलवे स्टेशन, रेल मदद 139, NTES और RailOne ऐप व ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त की जा सकती है।

Exit mobile version