नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0′ अभियान से पहले मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में ₹1.32 करोड़ से अधिक की मादक सामग्री जब्त

भोपाल, 13 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 14 जुलाई से शुरू किए जाने वाले राज्यव्यापी ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान से पहले मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 1.32 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। साथ ही जब्त मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।

नीमच में सबसे बड़ी कार्रवाई

नीमच जिले के सिंगोली थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 450.8 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में करीब 72.64 लाख रुपये मूल्य का डोडाचूरा, पिकअप वाहन, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की गई।

इसके अलावा नीमच सिटी थाना पुलिस ने ट्रैवल्स बस के माध्यम से तस्करी कर ले जाए जा रहे 105 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में जिले में कुल 88.39 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।

रतलाम में थार से मिला डोडाचूरा, एमडीएमए भी बरामद

रतलाम जिले के औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना पुलिस ने बिना नंबर की महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। इस कार्रवाई में मादक पदार्थ और वाहन सहित करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

वहीं माणकचौक थाना पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 11 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.10 लाख रुपये बताई गई है।

इंदौर, मंदसौर और कटनी में भी कार्रवाई

इंदौर के कनाड़िया थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 47.78 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित लगभग 15.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

मंदसौर जिले के नई आबादी थाना पुलिस ने चार आरोपियों से 65 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। वहीं कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपी को 10 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

मध्यप्रदेश पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन, संग्रहण और बिक्री में शामिल नेटवर्क की पहचान के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस के अनुसार ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत पूरे प्रदेश में जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, जिनका उद्देश्य नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में व्यापक अभियान चलाना है।

Exit mobile version