बच्चों को पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह कानून की दी जानकारी

भोपाल। बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैरसिया में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन बांदिल ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सम्मान और सुरक्षित वातावरण में रहने का अधिकार है। किसी भी तरह की हिंसा या शोषण होने पर बच्चों को बिना डर अभिभावकों और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देना चाहिए। उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अरेस्ट से बचने के तरीके भी बताए।
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) श्वेता गोयल ने पॉक्सो एक्ट-2012, किशोर न्याय अधिनियम-2015 और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 की जानकारी दी। उन्होंने अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान, लैंगिक शोषण से बचाव और अपराध की शिकायत करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही किसी भी अनुचित व्यवहार पर चुप न रहने की समझाइश दी।





