सेज यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ लॉ में वृक्षारोपण, विद्यार्थियों को दी विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने गुरुवार को पंच-ज अभियान के तहत सेज यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ लॉ में वृक्षारोपण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा सचिव सुनीत अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में 50 से अधिक पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी मोहम्मद जीलानी ने विद्यार्थियों को नि:शुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक रहें तथा जरूरतमंद लोगों तक भी इस जानकारी को पहुंचाएं।
वृक्षारोपण और विधिक जागरूकता के इस संयुक्त कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में कानूनी जागरूकता बढ़ाना रहा।





