नंदीश्वर जिनालय में ध्वजारोहण के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ

रिमझिम बारिश के बीच निकली भव्य कलश यात्रा, 29 जुलाई तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान
भोपाल। नंदीश्वर जिनालय में मंगलवार को ध्वजारोहण के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। धर्मध्वजा फहराने के साथ ही विश्व शांति, सद्भाव और बंधुत्व का संदेश दिया गया। ध्वजारोहण का सौभाग्य पदेन अध्यक्ष एडवोकेट प्रमोद चौधरी एवं ऊषा चौधरी परिवार को प्राप्त हुआ।
इसके बाद जिनालय परिसर से गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भजन-कीर्तन करती हुईं शामिल हुईं। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से यात्रा में भाग लिया।
प्रतिष्ठाचार्य पंडित वर्धमान सोरया के निर्देशन में मंत्रोच्चार और वैदिक विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि आयोजन का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष एडवोकेट विजय चौधरी कर रहे हैं तथा यह धार्मिक अनुष्ठान 29 जुलाई तक चलेगा।
महामंडल विधान एवं महायज्ञ के प्रमुख पात्रों में वैभव-प्रियंका चौधरी, धर्मेंद्र, श्रीपाल, मीना सुंदरी, प्रियेश-अर्पिता, कुबेर-पद्म, संगीता, महायज्ञ नायक विपिन-विनीता सिंघई सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हैं। वहीं मुख्य कलश स्थापना का सौभाग्य राजेश-मंजू जैन, डॉ. सर्वज्ञ-मिली जैन, इंजीनियर विनोद-सुषमा एवं राकेश-सुनीता सलामतपुर परिवार को प्राप्त हुआ।
आयोजकों के अनुसार यह धार्मिक आयोजन विश्व शांति, मानव कल्याण और आध्यात्मिक जागरण की भावना को समर्पित है, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





