प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राष्ट्र को किया समर्पित, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुए चारों स्टेशन
भोपाल, 17 जुलाई 2026। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित साँची, विदिशा, अशोकनगर और शिवपुरी रेलवे स्टेशनों का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह भी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।
चारों स्टेशनों पर आयोजित समारोहों में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और यात्रियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। साँची में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी और सुरेंद्र पटवा मौजूद रहे। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, भोपाल मंडल के डीआरएम पंकज त्यागी सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
विदिशा में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल और विधायक मुकेश टंडन, अशोकनगर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, जबकि शिवपुरी में विधायक देवेंद्र कुमार जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री ने देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया। इनमें मध्य प्रदेश के 13 और पश्चिम मध्य रेलवे के 6 स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों का विकास लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
पुनर्विकास के तहत चारों स्टेशनों पर स्थानीय संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला का समन्वय किया गया है। यात्रियों के लिए नए प्लेटफॉर्म शेड, बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, शुद्ध पेयजल, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड, आधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सुव्यवस्थित पार्किंग और ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और सुगम आवागमन की विशेष व्यवस्था भी की गई है। रेलवे के अनुसार, इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
