State

भोपाल में 16-17 जुलाई को लगेगा IFMIS समाधान शिविर, तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए DDO की उपस्थिति अनिवार्य

भोपाल। जिला कोषालय भोपाल द्वारा आईएफएमआईएस (IFMIS) सॉफ्टवेयर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं और लंबित एसडी कॉल्स (SD Calls) के निराकरण के लिए 16 और 17 जुलाई 2026 को विशेष समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर ‘आईएफएमआईएस केयर थीम्स (IFMIS Care Themes)’ के अंतर्गत जिला कोषालय परिसर में लगाया जाएगा।

जिला कोषालय के अनुसार शिविर का उद्देश्य वित्तीय प्रक्रियाओं में आने वाली तकनीकी बाधाओं को दूर कर शासकीय कार्यों को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।

सभी डीडीओ की उपस्थिति अनिवार्य

वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के माध्यम से भोपाल जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDOs) को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को IFMIS सॉफ्टवेयर से संबंधित सभी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित रहना होगा।

अनुपस्थिति पर संबंधित अधिकारी होंगे जिम्मेदार

जिला कोषालय ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई डीडीओ निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं होता है और उसके कारण तकनीकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाता है, तो उससे उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रशासनिक या वित्तीय विसंगति के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे।

कोषालय ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे अपनी लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्धारित शिविर में अनिवार्य रूप से भाग लें।

Related Articles