सात सिलेंडरों में गैस का वजन निर्धारित मात्रा से कम मिला, कलेक्टर को भेजा जाएगा प्रकरण

भोपाल, 27 अक्टूबर. कोलार क्षेत्र के अब्बास नगर में खाद्य विभाग, नापतौल विभाग और कोलार पुलिस ने घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की. मौके से गैस अंतरण यंत्र, तौल कांटा, 98 घरेलू गैस सिलेंडर और एक मिनी ट्रक जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान कोलार इंडियन गैस एजेंसी के कर्मचारी संतोष खापरे से संबंधित सामग्री जब्त की गई. जांच में सात गैस सिलेंडरों में गैस का वजन निर्धारित मात्रा से कम पाया गया. अधिकारियों के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस का अंतरण किया जा रहा था. यह गतिविधि द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन है. संयुक्त टीम ने मौके से मिले उपकरणों और सिलेंडरों को जब्त कर प्रकरण तैयार किया है. अब मामले को आगामी कार्रवाई के लिए कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.



