सीलिंग कार्रवाई के विरोध में नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन, बागसेवनिया के सैकड़ों व्यापारी पहुंचे

भोपाल, 21 अगस्त। आवासीय कॉलोनियों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील करने के नोटिस के विरोध में शुक्रवार को बागसेवनिया क्षेत्र के व्यापारियों ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शन से पहले व्यापारियों ने विश्वकर्मा मंदिर से नगर निगम मुख्यालय तक बाइक रैली निकाली।

बागसेवनिया व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में करीब 700 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि अचानक दुकानों को बंद करने की कार्रवाई से छोटे दुकानदारों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। कई व्यापारी वर्षों से इन्हीं दुकानों के माध्यम से अपना परिवार चला रहे हैं।

व्यापारियों ने कहा कि आने वाले त्योहारों के सीजन में बाजार में कारोबार बढ़ता है। ऐसे समय में दुकानों पर कार्रवाई होने से उनकी आर्थिक परेशानी और बढ़ सकती है। उनका यह भी कहना है कि रिहायशी इलाकों में रहने वाले मजदूर, निम्न और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए स्थानीय छोटी दुकानें रोजमर्रा की जरूरतों का प्रमुख साधन हैं। दुकानें बंद होने से उन्हें आवश्यक सामान खरीदने के लिए दूर जाना पड़ेगा।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश की आड़ लेने का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम सुप्रीम कोर्ट के रिहायशी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े आदेश की आड़ में सीलिंग कार्रवाई कर रहा है। व्यापारियों ने मांग की कि कार्रवाई से पहले छोटे दुकानदारों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखा जाए।

प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने कॉलोनी सेल उपायुक्त भुवन गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर सीलिंग कार्रवाई तत्काल रोकने, मामले पर व्यापक चर्चा करने और छोटे व्यापारियों के लिए समाधान निकालने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version