भोपाल, 26 जुलाई। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को मानस भवन में विधायक भगवानदास सबनानी ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
बैठक में विधायक सबनानी ने यात्रा के मार्ग, व्यवस्थाओं और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और प्रत्येक छोटी-बड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
विधायक ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर भारत माता के जयघोष के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में जिला महामंत्री मुकेश राय, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष दिनेश भारती, विधानसभा प्रभारी राजू अनेजा, महापौर परिषद सदस्य आर.के. सिंह बघेल, पार्षद आरती राजू अनेजा, आशा पारोचे, मंडल अध्यक्ष प्रियेश उपाध्याय, हेमंत बड़गैया, मुकेश देहाड़े, सोनू पालीवाल, पारस नरवरिया सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
