सावन को आने दो’ थीम पर हरसंभव फाउंडेशन का पर्यावरण संकल्प, ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान को मिला समर्थन
रायपुर। हरसंभव फाउंडेशन द्वारा मंगलवार को “सावन को आने दो” थीम पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदस्यों ने “एक पौधा मां के नाम” अभियान का समर्थन करते हुए पौधारोपण का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने हरी साड़ी, हरी चूड़ियां, हरी नेल पॉलिश और हरित परिधान पहनकर प्रकृति एवं हरियाली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने पौधारोपण किया तथा सावन और हरियाली से जुड़े गीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हरसंभव फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष पुष्पलता त्रिपाठी ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
बैठक में आगामी सावन उत्सव के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। सदस्यों ने कार्यक्रम को व्यापक और आकर्षक स्वरूप देने के लिए सुझाव साझा किए। आयोजन की तिथि और स्थान पर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नेहा संतोषवार, संयुक्त सचिव रेवती सिंह, मार्गदर्शक डॉ. प्रीति उपाध्याय, वरिष्ठ सलाहकार कस्तूरी साहू एवं गीता कटारिया, कोषाध्यक्ष ममता गुप्ता सहित महक अंदानी, पूजा जुमरानी, नीतू गुप्ता, जे. अरुणा राव, रागिनी साहू, पूनम मिश्रा, अनीता अग्रवाल, मधु जैन तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।