State

भोपाल नगर निगम वार्ड-69 की जमीनी हकीकत: उखड़ी सड़कें, जलभराव और सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

ोपाल, 12 जुलाई। नगर निगम के वार्ड-69 में भाजपा का पार्षद और नगर निगम परिषद में भी भाजपा का ही बहुमत होने के बावजूद क्षेत्र के रहवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। वार्ड के कई हिस्सों में उखड़ी सड़कें, जाम नालियां, जलभराव, अनियमित सफाई और कचरा प्रबंधन की समस्याएं बनी हुई हैं। रहवासियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था नियमित नहीं है और कई इलाकों में सप्ताह में केवल एक बार झाड़ू लगती है।

नालों की सफाई अधूरी, बारिश में बढ़ रही परेशानी

वार्ड में पुराना अशोका गार्डन, न्यू अशोका गार्डन (ए और बी सेक्टर), पंजाबी बाग, इकबाल नगर, अशोक विहार, बैंक कॉलोनी, मयूर विहार, आजाद नगर और सेठी नगर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार 80 फीट रोड का नाला अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हुआ है और कई नालियां कचरे से भरी हैं। अशोक विहार और सेठी नगर में बारिश के दौरान गलियों और कुछ मकानों तक में पानी भरने की शिकायत है।

सड़कों पर कचरा, नियमित सफाई नहीं

रहवासियों का आरोप है कि कई स्थानों पर सप्ताह में केवल एक बार झाड़ू लगती है और कई बार वह भी नहीं लगती। सफाई के बाद कचरा समय पर नहीं उठाया जाता, जिससे वह दोबारा नालियों और सड़कों पर फैल जाता है। कई स्थानों पर खुले में कचरे के ढेर भी देखे जा सकते हैं।

न्यू अशोका गार्डन बाजार की सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश में जलभराव की स्थिति बन जाती है। दुकानदारों का कहना है कि कई बार पानी दुकानों तक पहुंच जाता है।

पार्क और कचरा संग्रहण व्यवस्था पर भी सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ क्षेत्रों में कचरा वाहन नियमित नहीं पहुंचता। सेठी नगर के रहवासियों ने बताया कि गलियों में कचरा वाहन नहीं आने से लोगों को खाली प्लॉटों में कचरा फेंकना पड़ता है। वार्ड के कुछ पार्कों में भी रखरखाव की कमी की शिकायतें सामने आई हैं।

पार्षद बोले- कई विकास कार्य कराए

वार्ड-69 के भाजपा पार्षद सूर्यकांत गुप्ता ने कहा कि उनके कार्यकाल में परिहार चौराहे पर सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण, पार्कों का जीर्णोद्धार, नालियों का निर्माण, धार्मिक आयोजनों के लिए मंच तथा कई कॉलोनियों में सड़कों का निर्माण कराया गया है। उनका कहना है कि वार्ड में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

कांग्रेस ने लगाए सफाई और अतिक्रमण के आरोप

कांग्रेस के पूर्व जिला महामंत्री कप्तान सिंह यादव ने आरोप लगाया कि वार्ड में नियमित सफाई नहीं हो रही है, नालियां समय पर साफ नहीं हुईं और 80 फीट रोड पर शाम के समय अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद पार्क में सुरक्षा और रखरखाव की कमी का भी मुद्दा उठाया।

रहवासियों ने क्या कहा?

– अजीत गिरी (इकबाल कॉलोनी): सप्ताह में एक बार झाड़ू लगती है, जिससे सड़कों पर कचरा फैला रहता है।
– कुंती देवी (सेठी नगर): घर के पास खाली प्लॉट में जमा कचरे से बारिश के दौरान गंदा पानी घर की दीवारों तक पहुंचता है।
– नारायणी बाई (सेठी नगर): न झाड़ू लगती है और न कचरा वाहन आता है। कभी-कभी नलों से बदबूदार पानी भी आता है।
– ओ.पी. जोशी (सेठी नगर): नालियां कचरे से भरी हैं, जिससे बारिश में गंदा पानी गलियों में भर जाता है।
– फिरोज खान (न्यू अशोका गार्डन): सड़क खराब है, नालियों की सफाई नहीं होने से बारिश में दुकानों तक पानी पहुंच जाता है।
– रमाकांत गर्ग (न्यू अशोका गार्डन): उखड़ी सड़क से धूल उड़ती है और बारिश में जलभराव की समस्या रहती है।
– आरिफ हसन (अशोका गार्डन): गली में न सफाई होती है और न कचरा वाहन आता है। सड़क की मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है।

वार्ड-69 में सफाई, सड़क, जल निकासी और कचरा प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं को लेकर रहवासियों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। अब स्थानीय लोगों की निगाहें नगर निगम पर हैं कि इन समस्याओं का समाधान कब तक होता है।

Related Articles