लाल परेड मैदान में महाअनुष्ठान, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने परिवार के साथ दी आहुति

रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में मां राजराजेश्वरी का हरिद्रा कोटि कुंकुमार्चन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

भोपाल। राजधानी के लाल परेड मैदान में मां राजराजेश्वरी के हरिद्रा कोटि कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान का आयोजन किया गया। राष्ट्र संत रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत अपनी पत्नी और सागर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत सहित परिवार के साथ शामिल हुए। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

शाम सात बजे शुरू हुए अनुष्ठान में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधि-विधान से पूजन किया और श्रद्धालुओं के साथ महाहवन में आहुतियां दीं। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। आयोजकों के अनुसार, महाअनुष्ठान में एक करोड़ कुंकुमार्चन का संकल्प लिया गया था। सामूहिक हवन में 238 प्रकार की जड़ी-बूटियों, सुगंधित द्रव्यों और अन्य पूजन सामग्री का उपयोग किया गया।

सनातन संस्कृति से जुड़ने का संदेश

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मां राजराजेश्वरी का कोटि कुंकुमार्चन और महाहवन सनातन संस्कृति तथा वैदिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमारी पहचान और संस्कारों का आधार है। नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि परिवार के साथ महाअनुष्ठान में शामिल होकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और संतोष की अनुभूति हुई। उन्होंने मां राजराजेश्वरी और रावतपुरा सरकार से मध्यप्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु

आयोजन में भोपाल सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। पूरे कार्यक्रम में पूजन, मंत्रोच्चार और हवन की वैदिक परंपराओं के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से लाल परेड मैदान में धार्मिक माहौल रहा।

Exit mobile version