State

एक्सपायरी सामान से लेकर कॉकरोच तक… भोपाल के 4 खाद्य प्रतिष्ठानों में मिली गड़बड़ियां

भोपाल। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को शहर के चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में कहीं एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली तो कहीं किचन की सफाई व्यवस्था खराब मिली। एक प्रतिष्ठान में करीब 20 किलो सड़ा हुआ प्याज मिला, जबकि दूसरे में किचन के अंदर कॉकरोच घूमते पाए गए। चारों प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया है। जांच के लिए कुल छह खाद्य नमूने भी लिए गए हैं।

द सेलेस्टियल पार्क में सड़ा प्याज और एक्सपायरी मसाला
भोजपुर रोड स्थित द सेलेस्टियल पार्क की जांच में एरोमेटिक मिक्स सीजनिंग मसाले का पैकेट मिला, जिसकी एक्सपायरी 13 सितंबर 2026 थी। किचन में चार खुले डस्टबिन और दो कढ़ाई गंदी व काले रंग की मिलीं। यहां काम करने वाले 19 कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। करीब 20 किलो सड़ा हुआ प्याज मौके पर ही नष्ट कराया गया। जांच के लिए मूंग दाल और काजू के दो नमूने लिए गए।

रंजीत रिजॉर्ट में ड्रेनेज और बर्तनों की समस्या
होशंगाबाद रोड स्थित रंजीत रिजॉर्ट के किचन का ड्रेनेज सिस्टम ठीक नहीं मिला। बर्तन भी साफ नहीं थे और परिसर में डस्टबिन खुले में रखे मिले। कर्मचारियों के FOSTAC प्रशिक्षण और मेडिकल फिटनेस से जुड़े प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस देकर कमियां दूर करने के लिए कहा गया है।

गुरु कृपा में कॉकरोच, एक्सपायरी सामान और गंदगी
बावड़िया कलां स्थित गुरु कृपा फूड एंड कैटर्स में सबसे ज्यादा कमियां मिलीं। किचन में तीन डस्टबिन कचरे से पूरी तरह भरे थे। टूटी टाइल्स और खराब ड्रेनेज के साथ कॉकरोच की मौजूदगी भी मिली। टीम ने चार कॉकरोच किचन में घूमते हुए देखे। धुले बर्तन भी गंदगी के बीच रखे थे।

जांच में एवरेस्ट-एमडीएच चाट मसाला, श्री मां मक्का आटा, हर्ष मसाले और परमात्मा पास्ता समेत कई एक्सपायरी पैकेट मिले। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और FOSTAC ट्रेनिंग के दस्तावेज, पेयजल जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड भी नहीं मिले। पनीर का एक नमूना लिया गया। गंभीर कमियों को देखते हुए सुधार नोटिस जारी करने के साथ खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई है।

अमानते में दाल मखनी खराब मिली
बावड़िया कलां के अमानते रेस्टोरेंट में सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की वेशभूषा ठीक मिली, लेकिन मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल के दस्तावेज नहीं थे। फ्रीजर में रखी दाल मखनी से हल्की बदबू आने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया। मूंग दाल, तुवर दाल और आटे के तीन नमूने लिए गए।

चारों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल छह खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles