State

इंदौर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का खुलासा, 313 विद्यार्थियों की मूल अंकसूचियां बरामद

भोपाल/इंदौर, 22 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस ने युवाओं और विद्यार्थियों से रोजगार के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर विद्यार्थियों की 10वीं और 12वीं की मूल अंकसूचियां अपने पास रखने तथा उन्हें लौटाने के बदले प्रति अंकसूची 5,000 रुपये की मांग करने का आरोप है।

इंदौर कमिश्नरेट के थाना विजयनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कक्षा 10वीं और 12वीं की कुल 313 मूल अंकसूचियां बरामद की गई हैं।

प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी इंदौर स्थित ऑर्बिट मॉल में संचालित अपनी कंसल्टेंसी के माध्यम से बाहर से पढ़ाई के लिए आए विद्यार्थियों को पार्ट-टाइम और फुल-टाइम नौकरी दिलाने का प्रलोभन देता था। इसी प्रक्रिया के दौरान वह विद्यार्थियों से उनकी मूल अंकसूचियां जमा करवा लेता था।

पुलिस के मुताबिक, बाद में आरोपी अंकसूचियां लौटाने के बदले प्रति विद्यार्थी 5 हजार रुपये की मांग करता था। शिकायतों में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम नहीं देने पर विद्यार्थियों को प्रताड़ित किया जाता था और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

कई विद्यार्थियों की शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विजयनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह AZFA इंटरप्राइजेज नामक फर्म के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य करता था और सुरक्षा के नाम पर विद्यार्थियों की मूल अंकसूचियां अपने पास रखता था।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित धोखाधड़ी का शिकार कितने विद्यार्थी हुए हैं तथा आरोपी के साथ इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

Related Articles