
भोपाल, 20 जुलाई। जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सोमवार को उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर होशंगाबाद रोड स्थित पिज्जा हट और लालघाटी स्थित आनंदम रेस्टोरेंट में निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, होशंगाबाद रोड स्थित पिज्जा हट के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप था कि ऑनलाइन मंगाए गए पास्ता का सेवन करने के बाद एक बच्चे के होंठ और गाल पर सूजन आ गई। शिकायत के बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर पास्ता, व्हाइट बेस, चीज़ और चीज़ स्प्रेड के नमूने लिए।
वहीं, लालघाटी स्थित आनंदम रेस्टोरेंट के खिलाफ लस्सी में कीड़ा मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी। निरीक्षण के दौरान टीम ने लस्सी, दही, पनीर, सोया चाप और बेसन के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





