भोपाल। अपनों को खोने का दुख झेल रहे एक परिवार ने ऐसा फैसला लिया, जिससे पांच अन्य लोगों को जिंदगी की नई उम्मीद मिलेगी। स्वर्गीय सुमित सोनी के परिजनों ने उनके अंगदान का निर्णय लेकर मानवता की मिसाल पेश कीu। उनके इस निर्णय से दो किडनी, लिवर और दोनों कॉर्निया जरूरतमंद मरीजों के काम आ सकेंगे।
एम्स भोपाल के डॉक्टरों की टीम ने एक किडनी का सफल प्रत्यारोपण अस्पताल में भर्ती मरीज में किया। वहीं, दूसरी किडनी और लिवर को प्रत्यारोपण के लिए ग्रीन कॉरिडोर के जरिए बंसल अस्पताल भेजा गया। दोनों कॉर्निया एम्स भोपाल के आई बैंक में सुरक्षित रखे गए हैं। इनके प्रत्यारोपण से दो मरीजों की आंखों की रोशनी लौटाने में मदद मिलेगी। इस तरह अंगों और ऊतकों के उपयोग से पांच मरीजों को लाभ मिल सकेगा।
अंगदान की पूरी प्रक्रिया में एम्स भोपाल की प्रत्यारोपण टीम, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, अस्पताल प्रशासन, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित विभागों ने समन्वय के साथ काम किया। अंगों को समय पर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने और उनके संरक्षण के लिए विशेष व्यवस्था की गई।
सुमित सोनी के परिजनों के इस फैसले को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके प्रति आभार जताया गया। मध्यप्रदेश पुलिस की टीम ने सुमित सोनी के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। यह सम्मान परिवार के उस निस्वार्थ निर्णय के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक रहा, जिसके माध्यम से पांच लोगों को जीवन और बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद मिली है।
