State

आबकारी विभाग की देर रात होटलों और ढाबों पर दबिश, अवैध शराब जब्त

भोपाल। अवैध शराब के परिवहन और देर रात तक नियमों के विरुद्ध मदिरापान कराने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने गुरुवार रात विशेष अभियान चलाया। 5 नवंबर को हुई कार्रवाई में गोविंदपुरा क्षेत्र से 12 बोतल मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की जब्त की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश खरे की टीम ने गोविंद साहू को अपाचे मोटरसाइकिल से शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत 1 लाख 8 हजार 600 रुपये बताई गई है।

वहीं, आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने एयरपोर्ट रोड स्थित वीर विला, फूड फ्लेवर और अर्बन कोर्टयार्ड रेस्टोरेंट में देर रात जांच की। यहां से 6.5 और 15.84 बल्क लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है। इन मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) और 36ए/बी के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर हुई कार्रवाई में विभाग ने प्रतिष्ठानों को देर रात अवैध रूप से शराब परोसने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ गश्त और दबिश जारी रहेगी।

Related Articles