सपाक्स पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप, कर्मचारी मंच ने प्रतिबंध लगाने की उठाई मांग

भोपाल, 15 जुलाई। मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच ने सपाक्स संगठन पर पदोन्नति प्रक्रिया का विरोध करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मंच ने कहा कि यदि संगठन ने अपना रुख नहीं बदला तो उसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा।

मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने बुधवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि वर्ष 2016 में पदोन्नति प्रक्रिया पर रोक लगाने से जुड़े मामले में सपाक्स संगठन द्वारा दायर याचिका के कारण प्रदेश में लंबे समय तक पदोन्नति प्रभावित रही। उनका दावा है कि इससे बड़ी संख्या में कर्मचारी बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो गए, जिससे उन्हें आर्थिक और सेवा संबंधी नुकसान उठाना पड़ा।

पांडे ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, लेकिन हाल ही में उच्च न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान सपाक्स की ओर से पदोन्नति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी मंच इसे कर्मचारियों के हितों के विरुद्ध मानता है।

कर्मचारी मंच ने चेतावनी दी कि यदि सपाक्स संगठन ने कथित रूप से “कर्मचारी विरोधी” रुख नहीं बदला तो विभिन्न कर्मचारी संगठन मिलकर उसके विरोध में धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Exit mobile version