एका मोबिलिटी ने लॉन्च की 9 मीटर इलेक्ट्रिक स्कूल बस, एक चार्ज में 180 किमी की रेंज

प्रवास 5.0 में पेश की गई मेड-इन-इंडिया ई-स्कूल बस, सुरक्षा और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन पर विशेष फोकस
गांधीनगर, 9 जुलाई । भारत की अग्रणी इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी एका मोबिलिटी ने बस और यात्री परिवहन प्रदर्शनी प्रवास 5.0 में अपनी नई एका 9M इलेक्ट्रिक स्कूल बस लॉन्च की है। कंपनी का कहना है कि यह बस छात्रों के लिए सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की गई है।
नई एका 9M इलेक्ट्रिक स्कूल बस कंपनी के हल्के मोनोकोक प्लेटफॉर्म पर आधारित है और हाई-स्ट्रेंथ स्टील स्ट्रक्चर के साथ तैयार की गई है। बस में ड्राइवर सहित कुल 44 यात्रियों के बैठने की क्षमता है तथा यह AIS 052 सुरक्षा मानकों के अनुरूप है।
छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस में इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम (EBS), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और एयर सस्पेंशन जैसे उन्नत फीचर्स दिए गए हैं, जो सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करते हैं।
बस 100 kWh और 200 kWh क्षमता वाले एलएफपी बैटरी पैक विकल्पों के साथ उपलब्ध है। कंपनी के अनुसार, यह बस एक बार चार्ज होने पर 180 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है। वहीं, CCS2 फास्ट चार्जिंग तकनीक की मदद से इसकी बैटरी 1 घंटा 45 मिनट से कम समय में पूर्ण रूप से चार्ज हो जाती है।
लॉन्च के अवसर पर एका मोबिलिटी के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. सुधीर मेहता ने कहा कि यह नई इलेक्ट्रिक स्कूल बस भारत में स्वच्छ, स्मार्ट और सुरक्षित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में तेजी से बढ़ रही हरित परिवहन की मांग को ध्यान में रखते हुए इस बस को विकसित किया गया है।
प्रवास 5.0 प्रदर्शनी में कंपनी अपनी एका कोच, एका 12M लो-एंट्री इलेक्ट्रिक बस, एका 3S और एका 6S मॉडलों का भी प्रदर्शन कर रही है। इनके माध्यम से सार्वजनिक परिवहन, संस्थागत परिवहन और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के लिए कंपनी के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधान प्रदर्शित किए जा रहे हैं।





