

भ



ोपाल, 23 जुलाई। राजधानी के इब्राहिमपुरा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा टल गया। कोतवाली थाने के सामने स्थित करीब 90 साल पुराने जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जबकि मकान में मौजूद महिलाओं और बच्चों सहित आधा दर्जन से अधिक लोग बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान मकान का जर्जर छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। छज्जे पर खड़ा एक युवक भी उसके साथ नीचे आ गिरा और घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
बताया जा रहा है कि यह मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। लगातार हो रही बारिश के कारण छज्जा और कमजोर पड़ गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मकान के अंदर मौजूद अन्य लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने और जर्जर भवनों की समय-समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। लगातार बारिश के मौसम में ऐसे भवन आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।





