वन विभाग के वाहन चालकों ने भी मांगी पदोन्नति, लघु वनोपज संघ के आदेश का दिया हवाला

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ में चार वाहन चालकों को वरिष्ठ वाहन चालक के पद पर पदोन्नति मिलने के बाद अब वन विभाग के अन्य वाहन चालकों ने भी इसी तरह का लाभ दिए जाने की मांग तेज कर दी है।
मध्य प्रदेश वन कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि लघु वनोपज संघ की तर्ज पर वन विभाग के सभी वाहन चालकों को भी वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नत कर वरिष्ठ वाहन चालक बनाया जाए तथा उन्हें उच्च वेतनमान का लाभ दिया जाए।
वन कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि राज्य लघु वनोपज संघ ने सामान्य प्रशासन विभाग के पदोन्नति नियम-2025 के तहत चार वाहन चालकों को वरिष्ठ वाहन चालक के पद पर पदोन्नत किया है। इसके साथ ही उन्हें ₹36,200 से ₹1,14,800 के वेतनमान का लाभ भी प्रदान किया गया है।
अशोक पांडे का कहना है कि जब लघु वनोपज संघ में पदोन्नति का प्रावधान लागू किया गया है, तो वन विभाग के वाहन चालकों को भी समान अवसर मिलना चाहिए। उनका कहना है कि लंबे समय से कार्यरत वाहन चालक वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
वन कर्मचारी मंच ने सरकार से मांग की है कि वन विभाग में कार्यरत सभी पात्र वाहन चालकों को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देकर वरिष्ठ वाहन चालक का पद और निर्धारित उच्च वेतनमान प्रदान किया जाए। मंच का दावा है कि लघु वनोपज संघ के फैसले से वन विभाग के वाहन चालकों में भी पदोन्नति की उम्मीद जगी है और वे अब समान व्यवस्था लागू किए जाने की अपेक्षा कर रहे हैं।

Exit mobile version