
मास्टर प्लान पर सुनवाई में पर्यावरणविद्, नागरिक मंच और विशेषज्ञों ने उठाए सवाल; तालाबों के संरक्षण, योजना की अवधि घटाने और ग्रोथ कॉरिडोर की जिम्मेदारी बीडीए को नहीं देने के सुझाव
भोपाल। भोपाल के मास्टर प्लान 2047 को लेकर शुक्रवार को आपत्तियों और सुझावों पर सुनवाई हुई। इसमें पर्यावरण संरक्षण, बड़े तालाब के अस्तित्व, भविष्य की जरूरतों के हिसाब से विकास और ग्रोथ कॉरिडोर के क्रियान्वयन को लेकर कई अहम सवाल उठाए गए। पर्यावरणविद् डॉ. सुभाष पांडे, भोपाल सिटीजंस फोरम के सदस्यों और एडवोकेट पुलकित गोधा ने अपने सुझावों में कहा कि विकास की योजना बनाते समय शहर की प्राकृतिक संपदा और भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता देना जरूरी है।
21 साल में बड़े तालाब की जैव विविधता 81% घटी, सभी तालाबों को वेटलैंड घोषित करने का सुझाव
पर्यावरणविद् डॉ. सुभाष पांडे ने कहा कि भोपाल को सिटी ऑफ लेक्स कहा जाता है, लेकिन यहां 20 से अधिक तालाब होने के बावजूद उनका सही तरीके से संरक्षण नहीं हो रहा है। उनके मुताबिक, पिछले 21 साल में बड़े तालाब की जैव विविधता 81 प्रतिशत तक घट गई है। यही स्थिति रही तो अगले 20 साल में इसका पानी पीने योग्य नहीं बचेगा। अन्य 19 तालाबों की स्थिति भी खराब है। कई का पानी ई-कैटेगरी में पहुंच चुका है।
उन्होंने वेटलैंड रूल्स 2017 के अनुसार 2.25 हेक्टेयर से बड़े सभी जलाशयों को वेटलैंड और संवेदनशील क्षेत्र घोषित करने का सुझाव दिया। इससे पॉलीथिन के उपयोग पर रोक और माइक्रो व नैनो प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकेगा। उन्होंने तालाबों के किनारे अतिक्रमण नियमित करने पर आपत्ति जताते हुए कैचमेंट में सड़क और निर्माण रोकने की मांग की। साथ ही एयर क्वालिटी इंडेक्स की तर्ज पर वाटर क्वालिटी इंडेक्स लागू करने और हर दो साल में कम हो रहे 56 हजार वर्गफीट ग्रीन कवर को बचाने का सुझाव दिया।
बड़े तालाब के पास प्रस्तावित सड़कों से बढ़ेगा खतरा, विकास की योजना हो टिकाऊ
भोपाल सिटीजंस फोरम के सदस्य अरुण गुर्टू ने कहा कि बड़ा तालाब भोपाल की पहचान और अस्तित्व का आधार है। इससे 10 से 12 लाख लोगों को पीने का पानी मिलता है। इसके पास 30 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के साथ 75 मीटर चौड़ा वेस्टर्न बायपास प्रस्तावित है। इससे तालाब के अस्तित्व पर खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसे निर्माण को बढ़ावा देगी, तो आम लोग और किसान भी अपनी जमीन पर कॉलोनियां बनाने का तर्क देंगे। उन्होंने विकास को दूरगामी और टिकाऊ बनाने पर जोर दिया।
वहीं, वर्षा नावलेकर ने मास्टर प्लान की 21 साल की अवधि पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती परिस्थितियों में इतनी लंबी अवधि की योजना व्यावहारिक नहीं है। योजना 10-10 साल के अंतराल पर बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कोरोना के बाद वर्क फ्रॉम होम बढ़ने का उदाहरण देते हुए कहा कि भविष्य की जरूरतों का अनुमान लगाना कठिन है। एक्ट की धारा 23 में हर पांच साल में समीक्षा का प्रावधान है, लेकिन इसका पालन सुनिश्चित होना चाहिए।
ग्रोथ कॉरिडोर बीडीए को न दें, लेक फ्रंट के नियमों में विरोधाभास
एडवोकेट पुलकित गोधा ने 51 किलोमीटर लंबे और करीब 3500 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रोथ कॉरिडोर के विकास की जिम्मेदारी बीडीए को देने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बीडीए की परियोजनाएं पूरी होने में 20 से 25 साल लग जाते हैं। सरकार को केवल सड़क नेटवर्क और लैंड यूज तय करना चाहिए, ताकि विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
उन्होंने हलालपुरा और प्रेमपुरा में प्रस्तावित लेक फ्रंट के जी-4 जोन के नियमों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि एक ओर वर्ल्ड क्लास टूरिज्म और फाइव स्टार रिसॉर्ट बनाने की बात है, दूसरी ओर न्यूनतम दो हेक्टेयर जमीन और अधिकतम छह मीटर यानी दो मंजिल निर्माण की शर्त रखी गई है। ऐसे नियमों में बड़े रिसॉर्ट का निर्माण संभव नहीं होगा। उन्होंने नियमों और प्रस्तावित विकास के बीच तालमेल बनाने की मांग की।
