स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का संभागायुक्त ने लिया जायजा, लाल परेड मैदान में समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

भोपाल, 24 जुलाई। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को लाल परेड मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कहा कि आयोजन से पहले सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सफल और व्यवस्थित संचालन हो सके। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, विभिन्न दीर्घाओं में बैठक व्यवस्था, ग्राउंड की तैयारियां, टेंट, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूली बच्चों के आवागमन, बैठने और उनके लिए स्वल्पाहार की समुचित व्यवस्था करने पर भी विशेष जोर दिया। इसके साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश, वाहन पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, 7वीं वाहिनी के सेनानी हितेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संभागायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जा सके।





