State

श्री हिंदू उत्सव समिति के डिजिटल अध्यक्षीय कार्यालय का शुभारंभ 23 जुलाई को

हाईटेक कार्यालय से सदस्यता अभियान और डिजिटल गतिविधियों को मिलेगी गति, सुंदरकांड पाठ का भी होगा आयोजन

भोपाल। श्री हिंदू उत्सव समिति (पंजीयन क्रमांक-63) का अत्याधुनिक एवं पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत डिजिटल अध्यक्षीय कार्यालय 23 जुलाई (गुरुवार) को सायं 6 बजे मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर एवं बाबा खाटू श्याम मंदिर परिसर, प्लैटिनम प्लाजा के समीप शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले शाम 4 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी होगा।

समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित यह कार्यालय संगठन की गतिविधियों के संचालन का प्रमुख केंद्र होगा। यहां से सदस्यता अभियान, जनसंपर्क, डिजिटल अभिलेखन और संगठनात्मक कार्यों का संचालन किया जाएगा। समिति एक्स (X), फेसबुक, इंस्टाग्राम और लिंक्डइन सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदेशभर के सनातन समाज से संवाद स्थापित करेगी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल कार्यालय के माध्यम से महासदस्यता अभियान को नई गति मिलेगी। कार्यालय में प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर सदस्यता प्रबंधन, सोशल मीडिया संचालन और संगठन की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार का कार्य करेंगे, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और तकनीक-सक्षम बनेगी।

समिति के अनुसार, कार्यक्रम संत-महात्माओं के सान्निध्य में आयोजित होगा। शुभारंभ समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

समिति ने दावा किया है कि डिजिटल कार्यालय संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देगा।

Related Articles