
भोपाल। सीहोर जिले के सैकड़ों किसानों ने गुरुवार को भोपाल स्थित मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के प्रबंध निदेशक (एमडी) कार्यालय, गोविंदपुरा का घेराव कर प्रदर्शन किया। किसानों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मृतक किसान सतीश मेवाड़ा के परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई और एमडी ऋषि गर्ग को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का कारण सीहोर जिले के ग्राम बड़वेली निवासी किसान सतीश मेवाड़ा की मौत का मामला है। किसानों का आरोप है कि खेत में कार्य के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन के नीचे लटकते तारों की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
प्रदर्शनकारी किसानों ने मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी तथा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में सीहोर जिले के बड़वेली, चंदेरी, बिलकिसगंज, ढाबला, मगरखेड़ा, खजूरिया खुर्द, रामखेड़ी, अमरूद, चांदी, पचामा, जामुनी पाली, पिपलिया मीरा और रातीखेड़ा सहित दर्जनों गांवों के किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, विद्युत मंडल की ओर से इस मामले में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





