भोपाल। सेवानिवृत्त अर्द्ध शासकीय अधिकारी-कर्मचारी उपक्रम संघ ने ईपीएस-95 पेंशनर्स को हायर पेंशन का विकल्प भरने के लिए एक बार फिर पोर्टल खोलने की मांग की है। संघ के महासचिव अरुण वर्मा ने बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने हायर पेंशन के लिए कुछ समय तक पोर्टल खोला था, लेकिन दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले अधिकांश पेंशनर्स समय पर अपना विकल्प नहीं भर सके। इसके चलते वे हायर पेंशन के लाभ से वंचित रह गए।
वर्मा ने कहा कि हायर पेंशन का लाभ सभी पात्र पेंशनर्स को मिलना चाहिए। उन्होंने ईपीएफओ के केंद्रीय आयुक्त और सभी क्षेत्रीय आयुक्तों से मांग की है कि जो पेंशनर्स निर्धारित समय में विकल्प नहीं भर पाए, उनके लिए अंतिम बार पोर्टल खोला जाए, ताकि उन्हें भी हायर पेंशन का लाभ लेने का अवसर मिल सके।
