State

संत हिरदाराम नगर में अतिक्रमण हटाने की मांग तेज, सिंधी पंचायत ने निगम को सौंपा ज्ञापन

भोपाल, 22 जुलाई। संत हिरदाराम नगर के प्रमुख मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर पूज्य सिंधी पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और आम नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष माधु चांदवानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के जोन कार्यालय पहुंचकर जोनल अधिकारी, एमआईसी सदस्य राजेश हिंगोरानी तथा पार्षद अशोक मारन को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि संत हिरदाराम नगर में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते सड़क पहले ही संकरी हो गई है। इसके बावजूद मुख्य मार्गों पर ठेले और फुटपाथ व्यवसायियों का कब्जा होने से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से पंजाब नेशनल बैंक रोड पर सब्जी विक्रेताओं द्वारा अस्थायी सब्जी मंडी लगाए जाने तथा चंचल रोड, आरा मशीन रोड और इलाहाबाद बैंक रोड पर ठेले लगने का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि इन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है और आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई बार ठेला व्यवसायियों द्वारा लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है।

पंचायत ने नगर निगम से मांग की कि सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर सुचारु यातायात सुनिश्चित किया जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में पंचायत अध्यक्ष माधु चांदवानी, महासचिव राजकुमार वाधवानी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश रीझवानी, भरत आसवानी, गुलाब जेठानी, सचिव हरीश मेहरचंदानी, जेठानंद मंगतानी, कोषाध्यक्ष राकेश शेवानी, सहसचिव किशोर साधवानी, माधव पारदासानी और ऑडिटर पुरुषोत्तम हरचंदानी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Related Articles