State

चंद्रशेखर तिवारी पर स्याही फेंकने के मामले में कार्रवाई की मांग

हिंदू उत्सव समिति ने पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, आरोपियों की गिरफ्तारी और अध्यक्ष को सुरक्षा देने की मांग

भोपाल। श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी पर स्याही फेंकने की घटना के विरोध में समिति और सकल हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में महंत अनिलानंद जी की अध्यक्षता में समिति के अध्यक्षीय कार्यालय में बैठक हुई। इसके बाद मंगलवार शाम 6 बजे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त संजय कुमार को ज्ञापन सौंपा।

बैठक में घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की गई। सदस्यों ने चंद्रशेखर तिवारी को पुलिस सुरक्षा देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई करने पर विचार करने का आग्रह किया गया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ हिंसक या भय पैदा करने वाला व्यवहार कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर जल्द कदम उठाने का अनुरोध किया।

बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समिति के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें अनिल चौधरी, बालिस्ता रावत, दिलीप गुप्ता, शरण खटिक, विनोद साहू, हेमंत शर्मा, हर्षवर्धन चौकसे, पुष्पेंद्र मिश्रा, निलेश राजपूत, सुभाष रायजादा, अर्जुन सिंह ठाकुर, लीलाधर पचौरी, पुरुषोत्तम मंगतानी, जयदीप ठाकुर, प्रकाश मालवीय और आशुतोष तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles