State

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जयंती पर प्रदेश की जेलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, बंदियों ने दी देशभक्ति गीत और लोकनृत्य की प्रस्तुति

भोपाल, 24 जुलाई। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर प्रदेश की जेलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में आयोजित कार्यक्रम में बंदियों ने गायन और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जेल प्रशासन के अनुसार, जेल केवल दंड का स्थान नहीं बल्कि सुधार, पुनर्वास और व्यक्तित्व विकास का केंद्र है। इसी उद्देश्य से बंदियों के लिए समय-समय पर शैक्षणिक, सांस्कृतिक, नैतिक और कौशल विकास संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से दोबारा जोड़ने में मदद मिल सके।

कार्यक्रम में बंदियों ने जेल स्टाफ के मार्गदर्शन में तैयार देशभक्ति गीतों और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन बंदियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक अदिति चतुर्वेदी पाण्डेय, उप जेल अधीक्षक नरेंद्र कुमार व्यास, सहायक जेल अधीक्षक एडवर्ड स्वामी, आशीष कुमार खरे, देवेंद्र मांझी, शिल्पा छत्तर सहित जेल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जेल प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य बंदियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में प्रेरित करना है, ताकि वे भविष्य में समाज के जिम्मेदार नागरिक के रूप में नई शुरुआत कर सकें।

Related Articles