भवन निर्माण अनुमति को लेकर क्रेडाई ने निगमायुक्त को सौंपा ज्ञापन

एक माह में सुलझाने का निगमायुक्त ने दिया आश्वासन
-एक सप्ताह में समाधान कराने के निर्देश देंगे
नवभारत संवाददाता
भोपाल, 25 नवंबर. नगर निगम आयुक्त आरपी अहिरवार ने क्रेडाई की ओर से उठाई गई समस्याओं का एक माह में निराकरण कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने भवन निर्माण अनुमति से जुड़े मामलों का एक सप्ताह में समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही। क्रेडाई अध्यक्ष मनोज सिंह मीक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को निगमायुक्त से मुलाकात कर 12 सूत्रीय प्रतिवेदन सौंपा। इसमें भवन एवं विकास अनुमतियों, संपत्ति कर और परियोजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने विकास अनुमति की प्रक्रिया ऑनलाइन करने, अनुमति सॉफ्टवेयर की तकनीकी त्रुटियां सुधारने और बंधक भूखंडों को मुक्त करने की स्पष्ट समय-सीमा तय करने का आग्रह किया। संपत्ति कर की गणना और करयोग्य क्षेत्रफल स्पष्ट करने के साथ पुराने भुगतान के बाद भी बकाया दिखाने तथा संपत्ति बिकने के बाद डेवलपर के नाम कर मांग जारी रहने की समस्याएं उठाईं। इसके अलावा मरम्मत शुल्क की समीक्षा, कर्मकार कल्याण उपकर को निर्माण की प्रगति के अनुसार चरणबद्ध लेने और पूर्णता प्रमाणपत्र के लिए दोबारा प्रसंस्करण शुल्क की समीक्षा की मांग रखी गई। रेरा की निगरानी व्यवस्था, त्रिपक्षीय अनुबंध, बंधक रखने की अनिवार्यता और अमृत योजना की सीवेज लाइन उपलब्ध होने पर सीवेज शोधन संयंत्र की जरूरत पर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश मांगे गए। क्रेडाई ने अवैध कॉलोनियों की पहचान, सूची जारी करने, आमजन को जागरूक करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की। बैठक में भुवन गुप्ता, देहरिया, सुनील कुमार गुप्ता, संजीव सिंह ठाकुर, विपिन गोयल और समीर सबरवाल मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने निगमायुक्त को राजा भोज की प्रतिमा और ग्रंथ भेंट किया



