भोपाल: वार्ड-10 में पार्षद के ‘गुमशुदा’ पोस्टर लगे, सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं पर रहवासियों का विरोध
भ
ोपाल। राजधानी भोपाल में बारिश का दौर शुरू होते ही कई इलाकों में सड़क, सफाई और जल निकासी जैसी समस्याएं सामने आने लगी हैं। इसी बीच वार्ड-10 में स्थानीय रहवासियों ने जनप्रतिनिधि के खिलाफ अनोखा विरोध दर्ज कराया। क्षेत्र में पार्षद के ‘गुमशुदा’ होने संबंधी पोस्टर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से नागरिकों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में कथित उदासीनता पर नाराजगी जताई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड में लंबे समय से कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन उनके समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। रहवासियों का यह भी कहना है कि वे अपनी शिकायतें लेकर कई बार जनप्रतिनिधि तक पहुंचने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन उन्हें मुलाकात का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट बनी परेशानी
रहवासियों के अनुसार प्रभु नगर, ईदगाह हिल्स और जज कॉलोनी सहित वार्ड के कई हिस्सों में सड़कों पर बड़े गड्ढे, कचरे का नियमित उठाव नहीं होना, पार्कों में उगी झाड़ियों की सफाई नहीं होना तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। बारिश के मौसम में इन समस्याओं के कारण आवागमन और भी कठिन हो गया है।
पोस्टरों के जरिए जताया विरोध
इन समस्याओं से नाराज नागरिकों ने वार्ड के विभिन्न स्थानों पर पार्षद के ‘गुमशुदा’ होने संबंधी पोस्टर चस्पा कर विरोध दर्ज कराया। रहवासियों का कहना है कि यह कदम जनप्रतिनिधि का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
हालांकि, इस मामले में संबंधित पार्षद का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया था। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।