भोपाल में निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी, अवैध गौशाला सहित कई निर्माण ध्वस्त

शहरभर में हटाए ठेले, गुमठियां और पान पार्लर, जिला प्रशासन के साथ मिलकर की कार्रवाई

भोपाल, 17 जुलाई 2026। भोपाल नगर निगम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाते हुए कई अवैध निर्माणों को हटाया और बड़ी मात्रा में अतिक्रमण सामग्री जब्त की। निगम ने जिला प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोंद हाउसिंग बोर्ड गैस राहत कॉलोनी में शासकीय भूमि पर बनी एक अवैध गौशाला को भी ध्वस्त कराया।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान कटारा स्वामी विवेकानंद परिसर, कटारा भगवती नगर, अमलतास चौराहा, कोलार, नेहरू नगर, जवाहर चौक, पंचशील नगर, एमपी नगर, शाहपुरा, मनीषा मार्केट, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, भारत टॉकीज, हमीदिया रोड, करोंद सहित शहर के कई क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान कटारा भगवती नगर में एक अवैध टपरा हटाया गया, जबकि बावड़िया गांव मरघट के सामने नाले के ऊपर बनी आठ पक्की टीनशेड दुकानों और ईंटों से बने एक अस्थायी कमरे को तोड़ा गया। पंचशील नगर में नाली पर रखी फर्शियां हटाई गईं तथा नगर निगम मुख्यालय अटल भवन के सामने से चार चाय-नाश्ते की दुकानों को हटाया गया। इसके अलावा शास्त्री नगर में सीवेज चैंबर के ऊपर बना पक्का फर्श और बावड़िया चौराहे से दो आइसक्रीम गाड़ियां तथा तीन लोडिंग वाहन भी हटाए गए।

निगम ने फुटपाथों पर लगी सब्जी की दुकानों, दुकानों के बाहर रखे सामान, ठेलों, गुमठियों, पान पार्लरों, काउंटर, बोर्ड, टेबल-कुर्सियों और अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया। कार्रवाई के दौरान चार ठेले, एक पान पार्लर और चार लोहे के पाइप जब्त किए गए।

इसके अलावा जिला प्रशासन के सहयोग से करोंद हाउसिंग बोर्ड गैस राहत कॉलोनी में शासकीय भूमि पर बनी एक अवैध गौशाला को भी हटाया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version