
रोशनपुरा में मेट्रो परियोजना के लिए शटर और दीवार हटाई, कई इलाकों से अवैध अतिक्रमण हटाए गए
भोपाल। नगर निगम भोपाल ने शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर सड़क और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान निगम अमले ने 5 ठेले, 1 काउंटर और 27 कैरेट जब्त किए, जबकि कई स्थानों से अवैध निर्माण और बाधक सामग्री हटाई गई।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने भदभदा रोड, शबरी नगर, पंचशील नगर, रोशनपुरा, न्यू मार्केट, एमपी नगर, अवधपुरी, रायसेन रोड, जहांगीराबाद, शाहजहांनाबाद, करोंद, लालघाटी, बैरागढ़ सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए ठेले हटाए गए। दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया गया तथा बैरागढ़ वार्ड कार्यालय के पास और सिंगारचोली क्षेत्र में नालियों पर बने अवैध चबूतरे तोड़े गए। शाहजहांनाबाद में नाली पर रखी फर्शियां, भानपुर रोड से एक अवैध गुमटी, अवधपुरी बीडीए रोड से आवागमन में बाधक तीन चारपहिया वाहन तथा नवीबाग क्षेत्र से एक अस्थायी छप्पर भी हटाया गया।
नगर निगम ने मेट्रो परियोजना टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रोशनपुरा क्षेत्र में एक दुकान के बाहर लगा शटर और एक अवैध दीवार जेसीबी की सहायता से हटाई।
नगर निगम ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।





