अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी, तीन ठेले जब्त

कई इलाकों में फुटपाथ और सड़क किनारे से हटाए चबूतरे, टपरे, फूड वैन, टेंट और दुकान का सामान

भोपाल, 15 सितंबर। शहर में अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्तों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, टेबल-कुर्सी और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया। कार्रवाई के दौरान तीन ठेले भी जब्त किए गए।

निगम अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर से मिली शिकायतों और नियमित निरीक्षण के आधार पर की गई। शाहपुरा, रायसेन रोड और सुभाष नगर में नालियों के ऊपर बने अवैध चबूतरे और रखी गई फर्शियां हटाई गईं। हलालपुर बस स्टैंड पर भी नाली के ऊपर रखी फर्शियां हटाईं गईं।

एमपी नगर में विशाल मेगा मार्ट के सामने से दो फूड वैन हटाई गईं, जबकि बैरागढ़ मिनी मार्केट में तीन दुकानों के बाहर लगे अवैध टेंट हटाए गए। अयोध्या बायपास से दो सब्जी के टपरे हटाए गए। कोहेफिजा क्षेत्र में यातायात में बाधक चार चार पहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3 पर खंभों पर लगाए गए होर्डिंग भी हटाए गए।

इसके अलावा न्यू मार्केट, रंगमहल, जवाहर चौक, रोशनपुरा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, एम्स, सुभाष नगर, प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन, अयोध्या बायपास, रेतघाट, रॉयल मार्केट, लालघाटी और बैरागढ़ समेत कई क्षेत्रों में फुटपाथ और सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया गया। निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

Exit mobile version