सेवा संकल्प अभियान के आयोजनों के लिए निगम ने तय की जिम्मेदारियां

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, विधानसभा क्षेत्रवार वरिष्ठ अधिकारियों को बनाया नोडल अधिकारी
भोपाल, 15 सितंबर। आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान ‘आशीर्वाद का दिया’ के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने मंगलवार को अटल भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कार्यक्रमों की व्यवस्था के लिए विधानसभा क्षेत्रवार वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया है। साथ ही अलग-अलग कार्यक्रम स्थलों पर प्रभारी अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। नोडल अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे और प्रभारी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों को गरिमा के अनुरूप आयोजित किया जाए। इसके लिए जोनल अधिकारियों, वार्ड प्रभारियों, प्रभारी एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
निगम के सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार अपर आयुक्त अक्षय तेम्रवाल को दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र, अपर आयुक्त वरुण अवस्थी को नरेला और उत्तर विधानसभा क्षेत्र, उपायुक्त भुवन गुप्ता को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र, अपर आयुक्त अमन मिश्रा को मध्य विधानसभा क्षेत्र तथा अपर आयुक्त अभिषेक सिंह को हुजूर विधानसभा क्षेत्र का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान होने वाले कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए स्थलवार अधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





