

न


गर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, नोटिस का जवाब नहीं देने पर हुई सीलिंग
भोपाल, 17 जुलाई। राजधानी में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को इन्द्रपुरी क्षेत्र सहित विभिन्न कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान इन्द्रपुरी सी-सेक्टर स्थित उड़ान आईएस एकेडमी को फायर सुरक्षा संबंधी नोटिस का जवाब नहीं देने और आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं करने पर सील कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपकरण, फायर एग्जिट और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित संस्थान को पहले भी नोटिस जारी कर सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
संयुक्त दल ने निजामुद्दीन कॉलोनी टी-पॉइंट स्थित एलसीएम लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई शुरू की गई, लेकिन निरीक्षण के दौरान संचालक ने फायर प्लान और नोटिस का जवाब प्रस्तुत कर दिया, जिसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई गई।
वहीं, इन्द्रपुरी सी-सेक्टर स्थित अनिल गुप्ता कोचिंग क्लासेस के निरीक्षण में फायर एग्जिट की व्यवस्था पाई गई। संचालक ने नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के लिए एक दिन का समय मांगा, जिसे प्रशासन ने स्वीकार करते हुए एक दिन की मोहलत दे दी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में फायर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





