जल व्यवस्था निजी कंपनी को सौंपने पर विवाद, कांग्रेस पार्षदों ने जताई आपत्ति

-नेता प्रतिपक्ष ने कहा- 350 रुपए के बजाय 700 रुपए तक वसूलेगी कंपनी
-महापौर ने टेंडर प्रक्रिया को बताया पारदर्शी

भोपाल, 25 नवंबर. राजधानी में कॉलोनियों की जलापूर्ति, जलकर वसूली और पाइपलाइन के रखरखाव की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपने के नगर निगम के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया है। निगम ने गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड को यह जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस पार्षदों ने इसे जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए बुधवार को निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार को ज्ञापन सौंपा। नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने अटल भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि निगम अभी जल प्रभार के रूप में करीब 350 रुपए प्रतिमाह लेता है, जबकि निजी कंपनी के आने के बाद करीब 700 रुपए वसूले जाएंगे। उन्होंने इसे जनता की जेब पर डकैती बताया। उनका आरोप है कि परिषद में संकल्प आने और मंजूरी मिलने से पहले ही टेंडर जारी कर दिया गया। निगम के अन्य कार्यों के टेंडर भी परिषद में चर्चा और मंजूरी के लिए लाए जाते हैं, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। जकी ने कहा कि परिषद की स्वीकृत नीति बदलकर एमआईसी ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर मूलभूत सेवा निजी कंपनी को सौंप दी है। पार्षदों की शिकायत पर कमिश्नर ने जलकार्य के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग को बुलाया। कमिश्नर ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और जांच कराई जा रही है। रहवासी चाहेंगे तभी यह व्यवस्था लागू होगी। महापौर मालती राय ने आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि संकल्प परिषद में लाया गया था, लेकिन विपक्ष चर्चा से पहले ही सदन से चला गया। टेंडर नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से हुआ है। शर्तें पूरी करने वाली कंपनी के साथ आगे की प्रक्रिया की गई। परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि यह व्यवस्था नीति के तहत है। इसे न परिषद बदल सकती है और न एमआईसी। जनता को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखना जरूरी है।
-एक दिन में जारी हुए तीन आदेश
वर्क ऑर्डर को लेकर भी संशय है। एक ही कंपनी के लिए तीन आदेश जारी किए गए। आदेश क्रमांक 200 में आवास क्रमांक 101 से 250, आदेश 198 में 251 आवास और आदेश 202 में 1 से 100 तक के आवासों में बल्क कनेक्शन का उल्लेख है। अब सवाल है कि इनमें मुख्य आदेश कौन-सा है, जिसके आधार पर ठेकेदार काम करेगा।

Exit mobile version