State

बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय का नाम बदलने के प्रयास पर कांग्रेस का विरोध, भाजपा पर युवाओं का ध्यान भटकाने का आरोप

भोपाल: कांग्रेस ने कहा- स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बरकतुल्लाह के योगदान का हो रहा अपमान

भोपाल। मध्य प्रदेश में भोपाल स्थित बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के बीच घटते जनाधार से चिंतित सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए नाम बदलने की राजनीति कर रही है।

विवेक त्रिपाठी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अब्दुल हाफिज मोहम्मद बरकतुल्लाह का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भोपाल से शिक्षा प्राप्त की और विदेशों में रहकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूती देने का कार्य किया। त्रिपाठी ने कहा कि वर्ष 1988 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उनके योगदान के सम्मान में भोपाल विश्वविद्यालय का नाम बदलकर बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय रखा था। ऐसे में विश्वविद्यालय का नाम बदलने का प्रयास स्वतंत्रता संग्राम के एक महान सेनानी और विद्वान के योगदान को कमतर आंकने जैसा है।

नया विश्वविद्यालय बनाने के बजाय नाम बदलने की राजनीति

कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा दो दशक से अधिक समय से सत्ता में है, लेकिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसी देवी-देवता या महापुरुष के नाम पर संस्थान स्थापित करना चाहती है तो उसे नया विश्वविद्यालय बनाना चाहिए। पुराने संस्थानों के नाम बदलना विकास का विकल्प नहीं हो सकता।

त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सरकार नए शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने के बजाय पहले से स्थापित संस्थानों के नाम बदलकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को प्रदेश में शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

नीट और व्यापमं जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। विवेक त्रिपाठी ने कहा कि देश और प्रदेश के छात्र कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने नीट परीक्षा विवाद और व्यापमं घोटाले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पर शिक्षा माफियाओं का प्रभाव बढ़ा है।

उनका कहना था कि छात्रों के भविष्य, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और शिक्षा सुधार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय सरकार भावनात्मक विषयों को आगे बढ़ाकर जनमत को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।

छात्र और युवा वर्ग सब समझता है: कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मध्य प्रदेश का छात्र और युवा वर्ग जागरूक है तथा वह वास्तविक मुद्दों और राजनीतिक विमर्श के बीच अंतर समझता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की यह रणनीति युवाओं का ध्यान शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक चुनौतियों से नहीं भटका पाएगी।

Related Articles