भोपाल में गहराया जल संकट: नर्मदा जल योजना की शर्तें फेल, बाग मुगालिया कॉलोनी में महिलाओं का विरोध प्रदर्शन

भोपाल। राजधानी भोपाल की प्रमुख कॉलोनियों में जल संकट दिन-ब-दिन विकराल होता जा रहा है। नर्मदा जल आपूर्ति योजना के तहत वादा किया गया था कि पानी 30 फीट ऊपर तक प्रेशर से पहुंचेगा, लेकिन बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी जैसे इलाकों में 2 फीट ऊपर भी पानी नहीं चढ़ रहा है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पानी के लिए अब गड्ढों में झांकना पड़ रहा है, लेकिन वहां भी बूंद नहीं मिलती।
नर्मदा जल योजना की शर्तों का नहीं हो रहा पालन
जब नर्मदा जल योजना की शुरुआत हुई थी, तब शर्त थी कि हर घर में पानी कम से कम 30 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेगा। इस योजना के तहत राजधानी को सुचारु और दबावयुक्त जल आपूर्ति का भरोसा दिया गया था। लेकिन भोपाल की हकीकत यह है कि न तो पर्याप्त जल दबाव है और न ही नियमित आपूर्ति। लोग उम्मीद कर रहे थे कि उन्हें कम से कम 5 फीट तक का जल दबाव मिलेगा, लेकिन हकीकत इससे काफी दूर है।
पानी के लिए महिलाएं और बच्चे उतरे सड़क पर
बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी की एलआईजी-1 क्षेत्र की महिलाएं और बच्चे पानी की समस्या से परेशान होकर आज सड़क पर उतर आए। उन्होंने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया और नगर निगम अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा।
उमाशंकर तिवारी, अध्यक्ष, बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी विकास समिति ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण जल संकट बढ़ता जा रहा है। कॉलोनी में जहां-तहां गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे रास्ते बंद हो गए हैं और छोटे बच्चे गिरने लगे हैं।
नगर निगम से नागरिकों की सीधी अपील
स्थानीय लोगों ने भोपाल नगर निगम से अपील की है कि वे जल्द से जल्द क्षेत्र में जलापूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त करें और गड्ढों को भरवाएं। नर्मदा जल योजना की शर्तों के अनुसार राजधानीवासियों को उचित जल दबाव और नियमित सप्लाई मिलनी चाहिए। लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब पानी का बिल बढ़ा दिया गया है, तो फिर पानी क्यों नहीं मिल रहा?





