State

बैरसिया दौरे पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, महिला सशक्तिकरण से लेकर पेयजल और शिक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

आजीविका मिशन से आत्मनिर्भर बन रही महिलाएं, 42 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली परियोजना का किया निरीक्षण

भोपाल, 3 जून 2026। कलेक्टर **** ने बुधवार को बैरसिया अनुभाग का व्यापक दौरा कर महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका, पेयजल आपूर्ति, कौशल विकास और शिक्षा से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

महिला समूहों से किया सीधा संवाद

दौरे की शुरुआत बैरसिया प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित बैठक से हुई, जहां कलेक्टर ने संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलसी) की अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों से चर्चा की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वासी और स्वावलंबी बनाना है।

बैठक में ‘बैंक सखी’, ‘टैक्स सखी’ और ‘लखपति दीदी’ के रूप में कार्य कर रहीं महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि मिशन से जुड़ने के बाद उनकी आय में वृद्धि हुई है और समाज में उनकी भागीदारी भी मजबूत हुई है।

शिक्षा और आजीविका को जोड़ने पर दिया जोर

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और रोजगार आधारित गतिविधियों को एक-दूसरे से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं को सामाजिक नेतृत्व, स्वच्छता अभियान और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

42 गांवों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

दौरे के दौरान कलेक्टर ने संजय सागर नाहरलाई समूह जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद बैरसिया अनुभाग के 42 गांवों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना लोगों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आईटीआई में कौशल विकास सुविधाओं का निरीक्षण

कलेक्टर ने शासकीय आईटीआई बैरसिया का निरीक्षण कर प्रशिक्षण सुविधाओं, प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के विद्यार्थियों से चर्चा कर प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की और युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

सांदीपनी विद्यालय में दिए विशेष निर्देश

भ्रमण के अंतिम चरण में कलेक्टर ने शासकीय सांदीपनी ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैरसिया का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, भवन रखरखाव और विद्यार्थियों की सुविधाओं का जायजा लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने तथा आगामी **** पर विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। महिलाओं का सशक्तिकरण, युवाओं का कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन क्षेत्रों में निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

Related Articles