22 से 26 सितंबर तक क्रेन, गोताखोर, सीसीटीवी और सफाई की विशेष व्यवस्था
भोपाल। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम ने शहर के प्रमुख घाटों पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। 22 से 26 सितंबर तक प्रेमपुरा, रानी कमलापति, हथाईखेड़ा, संत हिरदाराम नगर-बैरागढ़, मालीखेड़ी, शाहपुरा और खटलापुरा घाटों पर अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे।
घाटों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, क्रेन, अग्निशमन वाहन, तैराक और गोताखोरों की व्यवस्था रहेगी। साथ ही सफाई, पेयजल, रोशनी और चलित शौचालय भी उपलब्ध कराए जाएंगे। विसर्जन मार्ग में बाधा बनने वाले ठेले और अस्थायी दुकानें हटाई जाएंगी। सड़कों पर पेड़ों की छंटाई, स्ट्रीट लाइट और बिजली के तारों की व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी। बैनर-पोस्टर और आवारा मवेशियों को भी हटाया जाएगा।
पुलिस कंट्रोल रूम से निगरानी
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर पुलिस कंट्रोल रूम में निगम के अधिकारी तैनात रहेंगे। किसी घटना या समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विधानसभा क्षेत्रवार घाटों की निगरानी कार्यपालन यंत्रियों को सौंपी गई है। 22 सितंबर को डोल ग्यारस के लिए भी विशेष इंतजाम रहेंगे।
समस्या या घटना की सूचना फायर कंट्रोल रूम 0755-2542222 और 0755-2540220 पर दी जा सकेगी।
