कलश यात्रा और पौधरोपण के साथ हुआ कार्यक्रम, स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने निभाई सक्रिय भागीदारी
भोपाल। भोपाल जिले की बैरसिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्राखेड़ा में मंगलवार को जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया और अभियान के तहत किए गए कार्यों की जानकारी साझा की गई।
समापन कार्यक्रम की शुरुआत नदी घाट निर्माण स्थल पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आजीविका स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण और पानी बचाने का संदेश दिया गया।
जल संरक्षण कार्यों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए जल संरक्षण कार्यों को लेकर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल के बेहतर उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
समापन समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण भी किया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों और अधिकारियों ने निभाई भागीदारी
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बैरसिया अध्यक्ष प्रतिनिधि कुबेर सिंह गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य, बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, जनपद पंचायत बैरसिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी देवेश सराठे सहित मनरेगा एपीओ हेमंत कुमार माधुरे, सहायक यंत्री एमएल अहिरवार, एनआरएलएम ब्लॉक समन्वयक रामबाबू साहू, एनआरएलएम सदस्य, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण के कार्यों को केवल अभियान तक सीमित न रखकर निरंतर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाना जरूरी है, ताकि भविष्य के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।