भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के बैनर तले वन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भोपाल में बैठक आयोजित की। बैठक के बाद कर्मचारियों ने पैदल मार्च निकालकर वन भवन पहुंचकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) एवं वन बल प्रमुख शुभ रंजन सेन को ज्ञापन सौंपा।
बैठक का आयोजन इंदिरा निकुंज नर्सरी, 74 बंगला परिसर में किया गया, जिसकी अध्यक्षता मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कंप्यूटर ऑपरेटर कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों पर चर्चा की तथा प्रस्ताव पारित किए।
पैदल मार्च निकालकर वन भवन पहुंचे कर्मचारी
बैठक के बाद कर्मचारियों ने 74 बंगला क्षेत्र से पैदल मार्च निकाला। मार्च नर्मदा भवन और सेंट मैरी स्कूल मार्ग से होते हुए वन भवन मुख्यालय पहुंचा, जहां प्रतिनिधिमंडल ने पीसीसीएफ शुभ रंजन सेन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में रखीं ये प्रमुख मांगें
कर्मचारियों ने ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्न मांगें उठाईं—
– वन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटरों को आईटी शाखा में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों के समान संविदा नियुक्ति प्रदान की जाए।
– संविदा कर्मचारियों के अनुरूप वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
– वन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटरों की वृत्त स्तरीय वरिष्ठता सूची जारी की जाए।
शीघ्र कार्रवाई का मिला आश्वासन
मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे के अनुसार, पीसीसीएफ एवं वन बल प्रमुख शुभ रंजन सेन ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए कर्मचारी हित में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर विभाग स्तर पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे प्रदेशभर में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को समान अवसर और सेवा संबंधी स्पष्टता मिल सके।