State

यूनेस्को धरोहर सांची से स्वच्छ पर्यटन अभियान की शुरुआत, हर माह एक पर्यटन स्थल पर चलेगा विशेष अभियान

एमपी पर्यटन बोर्ड और IATO की पहल, स्वच्छता शपथ, श्रमदान, प्लास्टिक मुक्त अभियान और विद्यार्थियों की पेंटिंग प्रतियोगिता बनी आकर्षण

भोपाल/सांची, 25 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची में शनिवार को “स्वच्छ पर्यटन अभियान” के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) और इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में स्थानीय समुदाय, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI), ग्राम पंचायत, सफाई कर्मियों, एनसीसी विद्यार्थियों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि सांची से शुरू हुआ यह अभियान अब प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचेगा और हर माह एक पर्यटन स्थल पर इसी तरह का स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल स्मारकों की सफाई नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से पूरे मध्य प्रदेश को स्वच्छ पर्यटन की पहचान दिलाना है।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने सांची स्तूप परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की। कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए परिसर में नए डस्टबिन लगाए गए और आसपास के दुकानदारों को कपड़े के थैले वितरित कर सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद जंबू द्वीप पार्क तक स्वच्छता जागरूकता पैदल मार्च भी निकाला गया।

नई पीढ़ी को स्वच्छ पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से उत्कृष्ट विद्यालय, सांची में “स्वच्छ पर्यटन–स्वच्छ भारत” विषय पर चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

IATO के अध्यक्ष रवि गोसाईं ने कहा कि स्वच्छ पर्यटन स्थल भारत की वैश्विक छवि को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ पर्यटन, देश की शान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी का संकल्प है और ऐसे अभियान प्रदेश के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी चलाए जाएंगे।

कार्यक्रम में ASI के अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. शिवकांत बाजपेयी, IATO के मानद संयुक्त सचिव विनय त्यागी, IATO मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी, स्थानीय नागरिक, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, सफाई कर्मी, एनसीसी विद्यार्थी और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles