विवादों को कोर्ट पहुंचने से पहले सुलझाएंगे नगर सुरक्षा समिति के सदस्य

40 घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
भोपाल, 25 नवंबर. मध्यप्रदेश में पहली बार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और कम्युनिटी पुलिसिंग के संयुक्त तत्वावधान में 40 घंटे का सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद ये प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में छोटे-मोटे विवादों को न्यायालय पहुंचने से पहले आपसी बातचीत और सहमति से सुलझाने में मदद करेंगे। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि संवाद और समझाइश से विवाद सुलझाने से समाज में शांति और आपसी विश्वास बढ़ता है। प्राधिकरण की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने मध्यस्थता को रिश्तों में विश्वास और सामंजस्य बनाए रखने का माध्यम बताया। डीआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग विनीत कपूर ने कहा कि पुलिस और जनता एक-दूसरे के पूरक हैं। सामाजिक सहभागिता से ही सुरक्षित समाज बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मध्यस्थता के सिद्धांत, निष्पक्षता, प्रभावी संवाद और विवाद समाधान के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रशिक्षक अनुजा सक्सेना, संगीता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी ने किया।





