State

भोपाल: इटखेड़ीछाप में चौपाल, एडीएम सुमित पांडे ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 8 आवेदनों पर हुई सुनवाई

भोपाल, 23 जुलाई। राजधानी की हुजूर तहसील के ग्राम इटखेड़ीछाप में बुधवार शाम प्रशासन द्वारा चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान 8 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें सबसे अधिक शिकायतें बारिश के दौरान बदहाल सड़कों और आवागमन की समस्या से जुड़ी रहीं।

चौपाल में अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुमित पांडे और तहसीलदार कुणाल राउत ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। एडीएम सुमित पांडे ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण कराया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

तहसीलदार कुणाल राउत ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन को अपनी समस्याओं की जानकारी देने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।

चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उन्होंने गांव की जर्जर सड़कों, मूलभूत सुविधाओं, जल निकासी और अन्य स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। ग्रामीणों ने मांग की कि बारिश के मौसम को देखते हुए सड़कों की मरम्मत और आवश्यक सुविधाओं के विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएं।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।

Related Articles